अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर (कांगड़ा)। परागपुर ब्लॉक की कुड़ना पंचायत और इसके आसपास के गांवों के लोग तेंदुए के आतंक से भयभीत हैं। कुड़ना पंचायत के निवासी प्रकाश चंद उर्फ छपन (38) पर बाघ ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया है। प्रकाश सुबह लगभग नौ बजे घर पर ही था कि तेंदुए ने हमला कर दिया । उसकी चीख पुकार सुनकर घर और गांव वाले दौड़े आए तो उनके शोर मचाने पर तेंदुआ वहां से जंगल की तरफ भाग गया। जख्मी हालत में किसान को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। लगभग एक महीने से क्षेत्र में तेंदुआ दिन में भी घूमता दिखाई दे रहा है और लगातार मवेशियों पर हमला कर रहा है। बावजूद इसके वन विभाग तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई सार्थक प्रयास नहीं कर रहा है। विभाग की लापरवाही से कभी भी कोई भी अप्रिय घटना घट सकती है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से यथाशीघ्र तेंदुए को पकड़ने की मांग उठाई है। उधर, वन मंडल अधिकारी देहरा आरके डोगरा ने बताया कि विभाग ने कुड़ना पंचायत में टीम भेजी है। टीम क्षेत्र का मुआयना कर अपनी रिपोर्ट देगी। इसके बाद यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जंगला कहां पर लगाना है। तेंदुए को बेहोश करने की गन भी मंगवाई गई है। जल्द ही तेंदुआ विभाग की पकड़ में होगा।