पंचायत सचिव के खिलाफ बीडीओ को सौंपी शिकायत
सचिव नहीं बदला गया तो नहीं जाएंगे पंचायत : प्रधान
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल की दियोल पंचायत के पंचायत प्रतिनिधियों ने पंचायत सचिव की कार्यशैली पर रोष प्रकट करते हुए इसकी शिकायत बीडीओ से की है। साथ ही मामले में उचित कार्रवाई करने की भी मांग की है। पंचायत प्रधान अनिल कुमार, वार्ड सदस्य संजय कुमार, विमला देवी और रीना देवी ने बीडीओ को सौंपी शिकायत में आरोप लगाया है कि सचिव की कार्यप्रणाली से पंचायत में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। विभाग ने पंचायत सचिव को दो जनवरी को बीडीओ कार्यालय में सेवाएं देने और पंचायत सहायक मदन लाल को चार्ज लेने के आदेश दिए थे। इन आदेशों के तहत पंचायत सहायक मदन लाल ने तीन जनवरी को पंचायत प्रधान अनिल कुमार के पास अपनी उपस्थिति दर्ज करवा दी थी। लेकिन, पंचायत सचिव ने मदन लाल को चार्ज ही नहीं दिया और न ही विभागीय आदेशों के तहत बीडीओ कार्यालय में अपनी सेवाएं दीं। पंचायत प्रतिनिधियों ने दो टूक कहा है कि जब तक पंचायत सचिव को हटाया नहीं जाता, तब तक वे पंचायत में नहीं जाएंगे। उधर, बीडीओ बैजनाथ शशी पटियाल ने बताया कि निदेशक ग्रामीण विकास विभाग ने सचिव को बीडीओ कार्यालय में ड्यूटी देने के आदेश दिए थे। लेकिन, उसके बाद पंचायत सचिव ने न्यायालय की शरण ले ली है। अब 18 जनवरी को मामले के उच्च न्यायालय में सुनवाई के बाद जो भी निर्णय होगा उसकी अनुपालना की जाएगी।