जिला प्रशासन घर द्वार जाकर सुनेगा लोगों की समस्याएं
20 सितंबर को फतेहपुर से शुरू होगा कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कांगड़ा जिला प्रशासन ने लोगों के बीच जाकर उनकी शिकायतों को समझनेे और प्रभावी ढंग से सुलझाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित बना रहा है कि लोगों को अपने कार्यों के लिए जिला मुख्यालय धर्मशाला के चक्कर न काटने पड़ें। कार्यक्रम के अनुरूप जिलाधीश संदीप कुमार जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों की दिक्कतें सुनेंगे। इसी कड़ी में 20 सितंबर को तहसील फतेहपुर में लोगों की समस्याओं का निपटारा किया जाएगा। वहीं, अतिरिक्त उपायुक्त केके सरोच 18 सितंबर को तहसील इंदौरा और उपतहसील गंगथ तथा 19 सितंबर को तहसील नूरपुर में लोगों की समस्याएं सुनेंगे। इस क्रम में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी मस्त राम 26 सितंबर को उपतहसील हारचक्कियां और 27 सितंबर को तहसील ज्वाली में जनसमस्याएं हल करेंगे। संदीप कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से राजस्व से जुड़े मामलों के मौके पर निपटारे पर बल दिया जाएगा।