नूरपुर में 10 प्रतिशत बढ़ेगा
आरकेएस कर्मियों का वेतन
बीपीएल परिवारों के निशुल्क होंगे सभी टेस्ट
रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। सिविल अस्पताल नूरपुर में शनिवार को रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की बैठक समिति के चेयरमैन एवं एसडीएम डॉ. सुरिंद्र ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर सिविल अस्पताल नूरपुर के एसएमओ डॉ. एसके महाजन ने सिविल अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी और वर्ष 2018-19 के लिए एक करोड़ 11 लाख 58 हजार 500 रुपये का प्रस्तावित बजट प्रस्तुत किया। इसमें बीपीएल परिवारों के लिए सभी टेस्ट निशुल्क करने का प्रावधान किया गया। साथ ही बीपीएल एवं एपीएल परिवारों के लिए 10 लाख रुपये और आपातकाल के लिए 2 लाख रुपये की दवाइयां खरीदने का प्रावधान रखा गया। इसके अलावा सिविल अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को मद्देनजर रखते हुए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और नेटवर्क को सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया, जबकि मेडिकल/फिटनेस सर्टिफिकेट जारी करने का शुल्क 100 से 200 रुपये और आईसीयू चार्जेज भी 100 से बढ़ाकर 200 रुपये करने का प्रावधान किया गया है। बैठक के दौरान सर्वसम्मति से आरकेएस कर्मियों के वेतन में भी 10 फीसदी बढ़ोतरी करने की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं, अस्पताल प्रशासन की ओर से अस्पताल में वोल्टेज की समस्या को देखते हुए ट्रांसफार्मर रखने और लोनिवि से अस्पताल की छत से पानी की लीकेज को सही करने का आग्रह किया गया। साथ ही डॉक्टरों और स्टाफ की कमी दूर करने का भी आग्रह किया गया, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाई जा सके। इस अवसर पर विधायक राकेश पठानिया ने अस्पताल प्रशासन से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने की हिदायत देते हुए कहा कि स्टाफ की कमी को जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से अपनी आय के स्रोतों को बढ़ाने के निर्देश दिए। अस्पताल के भारी-भरकम बिजली बिल से निजात दिलाने के लिए 55 लाख की लागत से सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नूरपुर के लिए स्वीकृत 50 बिस्तर के मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। इस अवसर पर बीएमओ डॉ. नीरजा गुप्ता, एक्सईएन आईपीएच केके कपूर, एसडीओ द्रविंद्र राणा, लोनिवि के एसडीओ जेएस राणा, सीडीपीओ सुरिंद्रा राणा, भवानी पठानिया, कुलविंद्र सिंह, निखिल महाजन, एनजीओ के अध्यक्ष अश्वनी कुमार, महामंत्री राजेश सहोत्रा, अशोक शर्मा, अंशुल कोरला, शमशेर सिंह, बलवीर डोगरा इत्यादि मौजूद रहे।