राशन के डिपुओं से सरसों का तेल, मूंग की दाल गायब
जिले के डिपुओं में पहुंचा राशन का आधा अधूरा कोटा
उपभोक्ताओं को इस महीने सरसों तेल की जगह मिलेगा रिफाइंड
हरीश चंद्र
धर्मशाला। उचित मूल्य की दुकानों से पहुंचे इस महीने के राशन कोटे से सरसों का तेल और मूंग दाल गायब हैं। प्रदेश सरकार ने अप्रैल महीने से उपभोक्ताओं को चार में से कोई तीन दालें खरीदने का विकल्प दिया था, लेकिन दो महीने के बाद ही यह योजना हांफ गई। जुलाई महीने के राशन कोटे में डिपुओं का सिर्फ माह, चने की दाल और मसूर की दाल ही पहुंची है, मूंग की दाल डिपुओं की सप्लाई नहीं हुई है। इस कारण प्रदेश के उपभोक्ताओं को यही तीन दालें खरीदनी पड़ रही हैं। वहीं, सरसों के तेल की सप्लाई भी जुलाई महीने के कोटे में नहीं आई है। तेल की जगह रिफाइंड की सप्लाई भेजी गई है। अधिकतर उपभोक्ता डिपुओं से सरसों का तेल खरीदना पसंद करते हैं, लेकिन इस बार मजबूरी में उपभोक्ताओं को रिफाइंड खरीदना पड़ रहा है। उधर, खाद्य आपूर्ति निगम के एरिया प्रबंधक खेम चंद ने कहा कि जो सप्लाई पीछे से आई है, डिपुओ को वही राशन कोटा भेजा गया है। वहीं, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के संयुक्त निदेशक सीपी जिस्टू ने कहा कि इस महीने तेल की सप्लाई नहीं आई है। इस कारण उपभोक्ताओं को रिफाइंड दिया जा रहा है।