स्मार्ट होगा धर्मशाला का कचहरी अड्डा
पुनर्निर्माण पर खर्च होंगे साढे़ 56 करोड़
परियोजना के तहत बनाई जा रही डीपीआर
हरीश चंद्र
धर्मशाला। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कचहरी अड्डा का पुनर्निर्माण होगा। कचहरी अड्डा के पुनर्निर्माण पर लगभग साढे़ 56 करोड़ रुपये खर्च होंगे। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कचहरी अड्डा के पुनर्निर्माण की डीपीआर का काम शुरू हो गया है। डीपीआर को स्मार्ट सिटी परियोजना के निदेशक मंडल में स्वीकृति मिलने के कारण निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। वर्तमान समय में नगर निगम धर्मशाला में कचहरी अड्डा में इंडियन कॉफी हाउस वाले भवन, पेट्रोल पंप और साथ लगती दुकानों का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके कारण कचहरी अड्डा से पैट्रोल पंप भी सकोह के अंतिम छोर पर शिफ्ट हो रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहीद स्मारक से अग्निशमन केंद्र के सामने तक पहले चरण में स्मार्ट सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके चलते कचहरी अड्डा का पुनर्निर्माण भी इसी सड़क के साथ-साथ होना प्रस्तावित है। उधर, नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी परियोजना के सीईओ संदीप कदम ने कहा कि कचहरी अड्डा के पुनर्निर्माण की डीपीआर का काम शुरू हो गया है। बीओडी से मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।