बिना दस्तावेज बच्चों को स्कूल ले जा रही बस जब्त
कांगड़ा। नूरपुर बस हादसे के बाद कांगड़ा शहर में भी पुलिस अलर्ट हो गई है। स्कूलों में ओवर लोडिंग सहित नियमों को ताक में रखने वाले चालकों को सबक सिखाने के लिए थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को कांगड़ा के निजी स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक गाड़ी की चेकिंग की तो पुलिस की ओर से मौके पर मांगे गए दस्तावेजों को चालक नहीं दिखा पाया। ऐसे में पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है। कांगड़ा के निजी स्कूलों के साथ अन्य क्षेत्रों में रोजाना हजारों बच्चे छोटे बड़े वाहनों से स्कूल जाते हैं। इनमें से कई स्कूल की तो अपनी बसें हैं। लेकिन कई स्कूलों के बच्चों को प्राइवेट गाड़ियों से स्कूलों में ले जाया जाता है। अमूमन ओवरलोडिंग के मामले भी सामने आते हैं। मजबूर परिजनों के लिए इसके अलावा कोई चारा भी नहीं है। पुलिस ने ऐसे वाहनों पर पैनी नजर रखनी कर दी है। उधर, पुलिस थाना कांगड़ा के प्रभारी कुलदीप राज ने कहा कि इस मामले में मंगलवार सुबह एक वाहन को जब्त किया गया है। बच्चों के अभिभावकों से अपील की है कि अपने बच्चों को उसी वाहन में भेजें, जो पूरी तरह से नियमों को पूरा करते हों।