अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर के लोहना पंचायत की सरस्वती विहार सोसायटी में चोरी की घटनाओं को लेकर लोग चिंतित हैं। लोगों को हर समय यह डर सताने लगा है कि कहीं चोर किसी घर में बड़ी वारदात को अंजाम न दें। चोरी के घटनाओं से चिंतित लोगों ने पालमपुर पुलिस को शिकायत पत्र दिया है। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि सरस्वती विहार सोसाइटी लोहना में करीब दो सप्ताह में तीन-चार चोरी की वारदातें और तोड़फोड़ हो चुकी है, जिससे लोग चिंतित हैं। चोरी की वारदातों पर लगाम लग सके, इसके मद्देनजर लोगों ने पुलिस को शिकायत दी है। सोसाइटी के अध्यक्ष जगदेव ठाकुर और सचिव मनोज रत्न ने बताया कि कुछ महीने पूर्व इस सोसायटी के निवासी ज्ञान चंद शर्मा और कर्नल डीसी ठाकुर के घर में ताले तोड़ कर सामान चोरी हुआ था, जिसका मामला अभी तक सुलझ नहीं पाया है। पिछले दिनों यहां सोलर लाइट की बैटरी किसी ने चुरा ली थी। अभी दो दिन पहले ही रात के समय दो गाड़ियों की नंबर प्लेट और शीशे टूटे हुए पाए गए। जबकि, बीती रात को सोसायटी में रहने वाले गगन वासुदेवा के घर से बच्चों की साइकिल चोरी हो गई। लोग ऐसी हर दिन बढ़ रही घटनाओं से चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस से आग्रह किया है कि सोसाइटी के इलाके में बढ़ रही वारदातों को देख रात को पुलिस गश्त बढ़ाई जाए। उधर, थाना प्रभारी भूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि ऐसी कोई भी घटना होती है तो पुलिस को सूचित करें। जबकि पुलिस रात को हर जगह गश्त करती है। उन्होंने सोसाइटी के लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने सोसायटी के लोगों से अपरिचित लोगों से सावधान रहने का भी आग्रह किया है।