अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। खेल विभाग ने सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया। इस उपलक्ष्य पर एकता दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ में लगभग 200 प्रतिभगियों ने भाग लिया, जिसमें खेल छात्रावास भारतीय खेल प्राधिकरण धर्मशाला, दाड़ी स्कूल, रावमापा (बाल) तथा सकोह स्कूल के छात्रों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त खेल प्रशिक्षण केंद्र धर्मशाला के हॉकी तथा एथलेटिक्स के खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया। इस दौरान प्रभारी खेल छात्रावास भारतीय खेल प्राधिकरण धर्मशाला के केएस पटियाल ने प्रतिभागियों को खेल परिसर से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से होते हुए शहीद स्मारक से वापस खेल परिसर धर्मशाला में दौड़ का समापन हुआ। इस अवसर पर बैडमिंटन कोच लोकेश शर्मा, एथलेटिक्स कोच स्वर्णा ठाकुर, हॉकी कोच हसीन वानो, अमिता और प्रकाश धीमान, हॉस्टल वार्डन मनकोटिया, विमल, विजय, राजेश, डीपी सकोह गगन थापा, राजू तथा शकुंतला भी उपस्थित रहे।