दूसरे दिन पठानकोट से ज्वालामुखी तक चली एक्सप्रेस ट्रेन
कोपड़ लाहड में रेल मार्ग पर मलबा गिरने से यातायात बंद
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। एक्सप्रेस ट्रेन बैजनाथ-पपरोला से पठानकोट वापस पहुंच गई, लेकिन दूसरे दिन फिर रूट पर नहीं आ सकी। बुधवार रात से हो रही बारिश के कारण पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल मार्ग कोपड़लाहड के समीप मलबा गिरने के कारण अवरुद्ध हो गया। इस कारण ट्रैक पर रेलगाड़ियों की आवाजाही बंद हो गई। इससे पहले भी 23 जनवरी को यहां ट्रैक बंद हो गया था। इस कारण वीरवार को रेलगाड़ियां पठानकोट से ज्वालामुखी रोड तक चलाई गईं। एक्सप्रेस ट्रेन भी पठानकोट से चलकर ज्वालामुखी रोड तक ही चल पाई। उधर, स्थानीय लोगों में रेलवे विभाग के प्रति रोष भी है कि कितने समय से इस रेलमार्ग पर बंद पड़ी रेलगाड़ियों के चलतेे विभाग ने मार्ग दुरुस्त करने के लिए कुछ भी नहीं किया है। जिससे हर बारिश में विभाग के दावों की पोल खुल जाती है। रेल मार्ग बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने मांग की है कि जल्द ही इस मार्ग को दुरुस्त कर रेल गाड़ियों को जोगिंद्रनगर तक लेे जाया जाए। वहीं, रेलवे विभाग के आला अधिकारियों ने बताया कि बारिश रुकते ही रेल यातायात बहाल किया जाएगा।