सीएसआईआर में मनाया अंतरराष्ट्रीय विज्ञान समारोह
पालमपुर (कांगड़ा)। सीएसआईआर-आईएचबीटी ने भारतीय अंतरराष्ट्रीय विज्ञान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में छात्रों, किसानों, पंचायत प्रतिनिधियों और जन सामान्य को संस्थान की ओर से सामाजिक उत्थान, शिक्षा और औद्योगिक अनुसंधान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत करवाया गया। समारोह में डीएवी, हमीरपुर, न्यूगल पब्लिक स्कूल, सेंट पॉल, पालमपुर जय पब्लिक स्कूल, बनूरी, रेनवो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा, केंद्रीय विद्यालय, पालमपुर, केंब्रिज स्कूल पालमपुर, एवीएम स्कूल ठाकुरद्वारा और स्थानीय सरकारी स्कूलों के करीब 500 विद्यार्थियों और उनके अध्यापकों ने प्रतिभागिता की। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) पालमपुर के पूर्व वैज्ञानिक-प्रभारी डॉ. ओपी शर्मा ने स्कूली बच्चों के लिए एक प्रभावशाली वैज्ञानिक व्याख्यान दिया। संस्थान के निदेशक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि सीएसआईआर-आईएचबीटी हिमालयी क्षेत्र में आर्थिक रूप से उपयोगी जैव संसाधनों पर आधारित प्रौद्योगिकियों को विकसित और हस्तांतरित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे औद्योगिक,
सामाजिक और पर्यावरणीय लाभों के लिए जैव-आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इस मौके पर कई लोग मौजूद रहे।