आत्महत्या मामले में दर्ज किए बयान
हरिपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना हरिपुर के तहत नवविवाहिता की ओर से जहरीला पदार्थ खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने सोमवार को ससुराल और मायका पक्ष के बयान दर्ज किए। इस दौरान नवविवाहिता के पक्ष ने अपनी बेटी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को क्लीन चिट दी। मृतका की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उन्हें बेटी के ससुराल पक्ष से कोई भी शिकायत नहीं थी तथा अपनी बेटी की मौत के लिए वे उन्हें जिम्मेदार नहीं मानते हैं। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी कर्ण सिंह ने बताया कि पुलिस ने विवाहिता के मायके पक्ष के बयान कलमबद्ध किए हैं। इसमें उन्होंने किसी पर भी संदेह नहीं जताया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। वहीं, डीएसपी देहरा एलएम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।