पपरोला बाजार में भर गया बारिश का पानी
कारोबारियों और ग्राहकों को हो रही परेशानी
नपं के कनिष्ठ अभियंता ने किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ-पपरोला नगर पंचायत के तहत पपरोला बाजार में बारिश के गंदे पानी के सड़क पर आने से व्यापारियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वीरवार को व्यापारियों ने नपं के कनिष्ठ अभियंता हितेश शर्मा को मौके पर बुलाया और उन्हें समस्या के बारे में अवगत करवाया। व्यापारी संजय सोनी, विशाल सूद, जतिन कौडा, अंकुश कौडा, पुनीत सूद, देवेंद्र सूद, अजय चौधरी, रजत सूद, हरीश और पारुल ने बताया कि जब भी बारिश होती है, नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। उन्होंने बताया कि गत दो वर्ष पहले प्रशासन की ओर से नालियों को उखड़वाया गया था लेकिन अभी तक नालियों को पक्का नहीं किया गया है। इससे नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर बह रहा है। कारोबारियों ने कहा कि समस्या के चलते सड़क पर ईंटें लगाकर ग्राहकों को खरीदारी के लिए सुविधा दी जा रही है। लेकिन, इससे ग्राहकों और उन्हें दिक्कतें आ रही हैं। उधर, नपं के कनिष्ठ सहायक हितेश शर्मा ने बताया कि नालियों में भरी गाद को सफाई कर्मियों की सहायता से निकलवा दिया जाएगा। कूहल में जमा हुई गंदगी को बाहर निकलवाकर नाली को थ्रूआउट करवाया जाएगा। एनएचआईए के एसडीओ अजय वर्मा ने बताया कि जल्द विभाग पपरोला बाजार में प्रभावित स्थल का दौरा कर समस्या को हल करने के लिए प्रयास करेगा। मौके पर व्यापार मंडल प्रधान मनोज सूद भी मौजूद रहे।