धर्मशाला। स्वास्थ्य खंड महाकाल के तहत वीरवार को घिरथोली में स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीबी की जांच का शिविर लगाया गया। इस दौरान कुल 57 लोगों के मौके पर छाती के एक्सरे किए गए। इनमें से पांच लोगों में टीबी के लक्षण पाए गए। अब टीबी की पुष्टि के लिए आगामी जांच की जाएगी और साथ ही टीबी से बचाव के लिए दवाई दी जाएगी। जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं टीबी उन्मूलन अधिकारी डॉ. राजेश सूद ने बताया कि टीबी की जांच के लिए जगह-जगह शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अधिक संख्या में लोग शिविरों में पहुंच कर अपनी जांच करवाएं। ब्यूरो