बर्फबारी के बाद जिले से कटा बड़ा भंगाल का संपर्क
स्कूल भी हुए बंद, बीड़ में चल रही पढ़ाई
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। जिला की सबसे दुर्गम पंचायत बड़ा भंगाल के रास्ते बर्फबारी के चलते बंद हो गए हैं। बड़ा भंगाल को जाने वाले रास्ते पर आने वाले थमसर जोत और उसके आसपास का क्षेत्र बर्फ के चलते पूरी तरह से बंद हो गया है। वहीं अब बड़ा भंगाल को चंबा के होली के रास्ते से भी पुहंचना लगभग असंभव है। वर्तमान में बड़ा भंगाल में करीब चार दर्जन लोग रह गए हैं, जबकि अन्य लोग और स्कूली बच्चे वापिस बीड़ पहुंच चुके हैं। अब बड़ा भंगाल के स्कूली बच्चों के लिए मार्च माह तक बीड़ स्थित स्कूल में ही शिक्षा ग्रहण करनी पड़ेगी। घाटी में बर्फबारी के चलते आगामी छह माह तक संपर्क टूट गया है। बड़ा भंगाल में रह रहे लोगों के लिए प्रशासन ने पूर्व में ही आठ माह का राशन उपलब्ध करवा दिया है। एसडीएम विकास शुक्ला ने बताया कि बड़ा भंगाल में लोगों के लिए राशन और अन्य सामान उपलब्ध है और किसी भी शिकायत के लिए लोग उनसे संपर्क कर सकते हैं ।