रोपवे बनाने वाली कंपनी को नोटिस
कर्मचारियों को वेतन न देने के आरोप पर कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला से मैक्लोडगंज रोपवे निर्माण कर रही कंपनी के ठेकेदार को श्रम विभाग ने नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई कंपनी के अपने कामगारों को वेतन की अदायगी न करने के आरोप पर हुई है। श्रम विभाग ने यह नोटिस ठेकेदार के साथ-साथ कंपनी मुख्यालय भेजा है। विभाग ने कंपनी और ठेकेदार को मंगलवार तक स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के अनुसार धर्मशाला से मैक्लोडगंज तक बन रहे रोपवे के निर्माण के लिए 50 कामगार कार्यरत हैं। आरोप है कि इनमें से संबंधित ठेकेदार ने 25 कामगारों को 50 दिनों से वेतन नहीं दिया है। इसको लेकर श्रम विभाग ने औचक निरीक्षण करके ठेकेदार के दस्तावेजों की जांच की थी और कामगारों के बयान भी दर्ज किए थे। जिला श्रम अधिकारी अनुराग शर्मा ने बताया कि कंपनी एवं ठेकेदार को मंगलवार दोपहर तीन बजे तक कामगारों का लंबित मानदेय की अदायगी कर कार्यालय में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। अल्टीमेटम के बाद कंपनी और ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।