किसान मौसम का मिजाज देख कर काटें गेहूं
अभी एक सप्ताह और सताएगी बारिश
काटी फसल को सकता है ज्यादा नुकसान
पालमपुर (कांगड़ा)। पिछले दो दिन से हो रही बारिश से अभी किसानों को राहत मिलने वाली नहीं है। जिले भर में अभी करीब चार से पांच दिन और बारिश होने की संभावना जताई गई है। जबकि, अभी तक दो दिन में 41.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी आने वाले चार-पांच दिन तक बारिश होने की संभावना है। हालांकि, यह बारिश हल्की बताई गई है। गौरतलब है कि जिलेभर में इस समय गेहूं की कटाई और थ्रैशिंग का सीजन चला हुआ है। लेकिन, दो दिन बारिश ने किसानों की गेहूं की फसल को खेतों में ही धो दिया है। अभी भी किसानों को बारिश से राहत मिलने वाली नहीं है। लिहाजा, कृषि विभाग का कहना है कि मौसम का मिजाज देख कर ही किसान गेहूं की कटाई करें। इसका कारण यह है कि खड़ी गेहूं से काटी हुई गेहूं को काफी नुकसान पहुंचता है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि खेतों में जो गेहूं की फसल खड़ी है, उसे फिलहाल कोई नुकसान नहीं है लेकिन जो फसल काटी हुए खेतों में पड़ी है, उसे अधिक बारिश होने से नुकसान हो सकता है। कृषि विभाग के जिला कृषि अधिकारी डॉ. अरुण व्यास ने कहा कि इस समय किसान मौसम देख कर ही गेहूं की कटाई करें। बारिश की संभावना अभी बनी हुई है।