हमीरपुर-होशियारपुर बस रूट बहाल हो
रक्कड़ (कांगड़ा)। हिमाचल पथ परिवहन निगम हमीरपुर डिपो की हमीरपुर से होशियारपुर रूट पर वाया नादौन-अंब चलने वाली बस बंद होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों और फैक्टरियों में काम करने वाले युवाओं को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस हमीरपुर से सुबह 11 बजे चलती थी, जो तहसील मुख्यालय रक्कड़ से दोपहर साढ़े बारह बजे गुजरती थी। वहीं, हाशियारपुर से 7:20 बजे वापसी करती थी और रक्कड़ से साढ़े आठ बजे गुजरती थी। बस से जहां व्यापारी-दुकानदार होशियारपुर जाकर अपना काम निपटाकर शाम को वापस घर आ जाते थे। औद्योगिक क्षेत्र गगरेट की विभिन्न फैक्ट्रियों में काम करने वाले नौजवान शिफ्ट समाप्त होने पर रात को इसी बस से अपने घर समय पर पहुंच जाते थे। स्थानीय व्यवसायियों अनिल शर्मा, साहिल, प्रेम चंद, विक्की, सुरेंद्र, तिलकराज, सुधीर सहित अन्य युवाओं ने परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर और आरएम हमीरपुर से इस बस रूट पर दोबारा बस चलाने की मांग उठाई है।