अमर उजाला ब्यूरो
पंचरुखी (कांगड़ा)। पठानकोट से मंडी तक बनने वाले फोरलेन को लेकर पंचरुखी बाजार में निशानदेही शुरू हो गई है। निशानदेही शुरू होते ही पंचरुखी के लोगों में हड़कंप मच गया है। मंगलवार को हुई निशानदेही में पंचरुखी में कई दुकानदार और लोग इसकी जद में आ रहे हैं। पूर्व विधायक यादवेंद्र गोमा का घर भी फोरलेन की जद में आ रहा है। इससे अभी से दुकानदारों और लोगों की सांसें फूलना शुरू हो गई है। हालांकि, मंगलवार को जारी बयान में सांसद शांता कुमार ने फोरलेन में बाजारों के न छेड़ने की बात कही है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को बाजार में जैसे ही फोरलेन की निशानदेही बगेहड़ के पास पंचरुखी से दो किलोमीटर पीछे पहुंची तो लोगों में हड़कंप मच गया। निशानदेही शुरू होते ही लोगों में रोष फैल गया। लोगों का कहना था कि सरकार और प्रशासन का क्या फायदा जो लोगों के घर इसमें चले जाएं। लोगों का कहना है कि फोरलेन को बाजार में से फलाई ओवर से भी निकाला जा सकता है। बाजार कमेटी के प्रधान बृजेश अवस्थी समेत कई लोगों ने कहा कि फोरलेन की जद में आने वाले लोग बेरोजगार हो जाएंगे। सरकार और विभाग को चाहिए कि कोई ऐसा तरीका निकाला जाए, जिससे फोरलेन भी बन जाए और लोगों के घर और दुकानें भी बच जाएं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि उनकी आवाज को सुना जाए।