कांगड़ा। गुड़िया मामले को लेकर डीएवी कॉलेज कांगड़ा के छात्रों ने सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई के खिलाफ नगर में रोष रैली निकाली और तहसील चौक पर चक्का जाम किया। कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने गुड़िया के साथ दरिंदगी करने वालों को जल्द सजा देने की मांग की। इस दौरान तहसील चौक पर लंबा जाम लग गया। छात्र-छात्राओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए गुड़िया को इंसाफ देने की मांग की और मिनी सचिवालय परिसर में सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। गुड़िया की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा गया। इसके बाद छात्रों ने तहसील चौक पर चक्का जाम कर दिया। करीब आधे घंटे तक यातायात रुका रहा। छात्रों ने गुड़िया के हत्यारों को फांसी दो फांसी दो, के जोरदार नारे लगाए। बाद में एसडीएम ने छात्रों को आश्वासन दिया कि मामला सीबीआई को सौंप दिया गया है। उन्होंने छात्रों को किसी भी तरह का कानून अपने हाथ में न लेने का आह्वान भी किया।