पंजाब के होशियारपुर लिए जरूरी
**********************
कालेश्वर धाम में डूबने से युवक की मौत
जत्थे के साथ भंडारा लगाने होशियारपुर पहुंचा था तीर्थस्थल
साइन बोर्डों को अनदेखा कर कूदा था नदी में
अमर उजाला ब्यूरो
रक्कड़ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक तीर्थस्थल कालेश्वर महादेव में ब्यास नदी में एक 22 वर्षीय युवक की डुबकी लगाते समय डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सागर सिंह पुत्र मुल्खराज गांव चौटाला जिला होशियारपुर के रूप में हुई है। युवक अपने मां-बाप के अलावा गांव के करीब 150-200 लोगों के जत्थे के साथ कालेश्वर महादेव में भंडारा लगाने पहुंचा था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक सागर सिंह अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए ब्यास नदी में उतरा ही था और कुछ ही पल में गहरे पानी में डूब गया। हैरानी इस बात की है कि कालेश्वर महादेव में पर्यटकों और श्रद्धालुओं को पानी में डुबकी न लगाने के साइन बोर्ड भी लगे हैं। बावजूद इसके पंजाब का युवक इन साइन बोर्डों को अनदेखा कर ब्यास नदी में कूद गया और नदी में जमे दलदल में फंस कर अपनी जान गंवा बैठा। इस हादसे की सूचना मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस थाना रक्कड़ को दी। सूचना मिलते ही एसएचओ रक्कड़ सुरेश कुमार, एएसआई विधिचंद, जसवंत सिंह, हेड कांस्टेबल बिक्रम सिंह तथा अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। डीएसपी ज्वालामुखी योगेशदत्त जोशी भी इस वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गए। रक्कड़ पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ज्वालामुखी से फायर ब्रिगेड टीम तथा चम्बापत्तन गांव से गोताखोरों को मौके पर बुलाया। इंचार्ज ईश्वरदास शर्मा के नेतृत्व में पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम तथा गोताखोरों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गहरे दलदल में फंसे शव को बाहर निकाला। डीएसपी ज्वालामुखी योगेशदत्त जोशी ने खबर की पुष्टि करते हुए कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे छानबीन की जा रही है।