नेहरू चौक पर बनेगा फूट कोर्ट, सरकारी नाले की होगी निशानदेही
कांगड़ा नगर परिषद की बैठक में लिए गए अहम फैसले
अमर उजाला ब्यूरो
कांगड़ा। कांगड़ा नप की बैठक में शुक्रवार को नेहरू चौक के साथ नप के लेंटल पर फूट कोर्ट बनाने का फैसला लिया गया है। यहां नेहरू चौक के साथ सड़क किनारे खाने पीने के छोटे स्टाल लगाने वालों को बिठाया जाएगा। इसके अलावा नप की आय बढ़ाने के लिए जगह भी अलॉट की जाएगी। इस बाबत नप प्रारूप तैयार कर रही है। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि वार्ड नंबर चार के नाले को चैनलाइज किया जाएगा। वहीं, पुलिस थाने के पीछे स्थित नाले की निशानदेही करवाई जाएगी। अगर इस नाले में किसी ने अवैध कब्जा किया होगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सुमन वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि तहसील चौक की सड़क किनारे बैठे रेहड़ी फड़ी वालों को चौक के पीछे की जगह शिफ्ट करने के लिए स्थानीय प्रशासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। सुमन ने बताया कि 154 रेहड़ी फड़ी वालों को बसाने का प्रावधान नप ने किया है। परिषद में कुछ लोगों के नाम बीपीएल की सूची से काटे गए हैं और उनकी जगह कुछ नए नाम शामिल किए गए हैं। वहीं, पुराना कांगड़ा में बनाए गए सामुदायिक भवन में समारोह का किराया 5100 से घटाकर 3100 रुपये किया गया है।