सप्ताह में बिजली-पानी बहाल करने का अल्टीमेटम
धर्मकोट, रक्कड़, हैनी और भागसूनाग के लोगों ने खोला मोर्चा
नगर निगम धर्मशाला के अतिरिक्त आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के वार्ड नंबर-दो के लोगों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वार्ड पार्षद ओंकार नैहरिया की अगुवाई में भागसुनाग, धर्मकोट, रक्कड़ और हैनी गांव के लोगों ने नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुखदेव सिंह को मांग पत्र सौंपा। इसमें सात दिन के अंदर बिजली-पानी बहाल करने की गुहार लगाई गई। उन्होंने चेताया कि अगर सात दिन के अंदर बिजली पानी बहाल नहीं किया गया तो लोग सड़कों पर उतर कर नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि चार माह पहले हाईकोर्ट के आदेशों पर नगर निगम ने अवैध होटलों का बिजली-पानी बंद किया था, लेकिन उस दौरान भागसुनाग, रक्कड़, हैनी और धर्मकोट के 42 घरों का बिजली-पानी भी काट दिया था। अब बिजली बोर्ड और आईपीएच चार महीनों से बिल भेज रहा है। इसके अलावा एमसी भी हाउस टैक्स के बिल थमा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली-पानी कटने के बाद फिर से लोगों ने जनवरी में ही औपचारिकताएं पूरी कर फाइलें नगर निगम को सौंप दी हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। उन्होंने नगर निगम को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है। कहा कि अगर उनकी फाइलों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो लोग आंदोलन का रुख अपनाएंगे। इस अवसर पर किशन चंद, उत्तम चंद, संसार चंद, त्रिप्ता देवी, शीला, कांता, विक्रमा, रीता देवी, सुनीता, श्रेष्टा देवी, ऊषा, नेहा, पूजा, सुरेश आदि ने भाग लिया।