शाहपुर में खुला उप-कोषागार कार्यालय
शाहपुर (कांगड़ा)। शहरी विकास, आवास एवं नगर नियोजन मंत्री सरवीण चौधरी ने शाहपुर में उप-कोषागार कार्यालय का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शीघ्र एक करोड़ रुपये की लागत से उप-कोषागार के भवन का निर्माण किया जाएगा। कार्यालय के लिए कोषाधिकारी, वरिष्ठ सहायक, कनिष्ठ सहायक और कार्यालय सहायक सहित सेवादार का एक पद स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि इस उप-कोषागार कार्यालय से 49 आहरण और वितरण अधिकारी जुड़ेंगे तथा अब लोगों को वित्त संबंधी कार्य के लिए ज्वाली, नूरपुर, धर्मशाला या कांगड़ा नहीं जाना पड़ेगा। शाहपुर में उप-कोषागार कार्यालय खुलने से सरकारी कार्यालयों के वित्त संबंधी कार्य यहीं पर हो सकेंगे। इससे प्रशासनिक अधिकारियों के समय की बचत होगी और लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि शाहपुर में नौ करोड़ रुपये की लागत से मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। इस मौके पर एसडीएम शाहपुर जगन ठाकुर, जिला कोषाधिकारी आरडी गिरि, अश्वनी शास्त्री, अजय चौधरी, तहसीलदार शाहपुर रोशन लाल, दीक्षांत ठाकुर, आनंद स्वरूप धीमान, कोषाधिकारी कांगड़ा पंकज, जिंदू महाजन, विजय, अजीत महाजन, दीपक अवस्थी, अरुणा देवी, मधु, डॉ. कांत, राकेश मनु, रविदत्त शर्मा, विजय बत्रा, अश्वनी चौधरी, बख्शी चौधरी, बीएमओ डॉ. सुशील, राजीव महाजन आदि मौजूद रहे।