आईजी भवन निर्माण के खिलाफ प्रदर्शन
बार एसोसिएशन, बुजुर्ग, युवा और खिलाड़ियों ने की नारेबाजी
मुख्यमंत्री को उपायुक्त के माध्यम से भेजा मांग पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आईजी कार्यालय भवन निर्माण के खिलाफ शनिवार को कचहरी अड्डा में प्रदर्शन हुआ। इसमें जिला बार एसोसिएशन धर्मशाला, शहर के बुजुर्गों, युवाओं और खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने शहर के बीच रैली निकाल आईजी भवन निर्माण का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार के माध्यम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर, शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, युवा सेवा एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर और हिमाचल प्रदेश सरकार मुख्य सचिव को भवन निर्माण रोकने के लिए मांग पत्र भेजा। प्रदर्शन के संयोजक अतुल भारद्वाज ने बताया कि मैदान में आईजी भवन निर्माण का विरोध किया जा रहा है। बावजूद इसके भवन निर्माण पर रोक नहीं लग रही है। इससे स्थानीय लोगों, युवाओं और खिलाड़ियों की भावनाएं आहत हो रही हैं। स्थानीय लोगों की मांग को नजर अंदाज करके इस भवन का निर्माण करवाया जा रहा है, जो गलत है। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम न केवल युवाओं के लिए शहर में खेल का एकमात्र मैदान है, बल्कि आपात स्थितियों सहित मेले, प्रदर्शनियों और अन्य आयोजनों का भी स्थल है। मैदान की महत्ता समझते हुए इस भवन का निर्माण रोका जाना चाहिए। इस अवसर पर बार एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित प्रेम सागर, पंकज पंकू, प्रवीण शर्मा, बीएस माहल, प्रमोद सिंह, विक्रम सहित अन्य लोग मुख्य रूप से मौजूद रहे।