मंदिर न्यास की बैठक में रखा आय-व्यय का ब्यौरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बैजनाथ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक शिव मंदिर न्यास की बैठक न्यास के सहायक आयुक्त एवं एसडीएम संकल्प गौतम की अध्यक्षता में हुई। इसमें शिव मंदिर के गर्भ गृह और सिद्धनाथ मंदिर परिसर में लगातार हो रहे बारिश के पानी के रिसाव पर चिंता व्यक्त की गई। मामले को पुरातत्व विभाग के शिमला और कांगड़ा स्थित अधिकारियों को अवगत करवा कर इसका स्थायी समाधान करने का निर्णय लिया। मंदिर के गार्डन की दुर्दशा को सुधारने के लिए पुरातत्व विभाग से पत्राचार किया जाएगा। बैठक में सावन माह के मेलों में हुए आय-व्यय का ब्योरा दिया गया। इस बार सावन माह के दौरान मंदिर न्यास को करीब 26 लाख रुपये की आय हुई है। मंदिर के तहत चल रही गोशाला में पशुओं की संख्या को 26 से बढ़ाकर 50 करने और दोनों पार्किंगों की आगामी छह माह की फीस सितंबर के पहले सप्ताह में लेने का निर्णय लिया गया। 26 अगस्त से शिव मंदिर की पार्किंग में शुरू हो रहे गणेश महोत्सव के दौरान मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में लाइट्स की व्यवस्था की जाएगी। न्यास की आय को आयकर से छूट के मामले को प्रमुखता से डील किया जाएगा।