डीआईजी डॉ. अतुल फुलझले ने
नवाजे रेनबो के मेधावी विद्यार्थी
स्कूल के वार्षिक समारोह में मेडल देकर किया सम्मानित
नशा निवारण मुहिम में अभिभावकों से मांगा सहयोग
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। रेनबो स्कूल नगरोटा बगवां में दो दिवसीय वार्षिक समारोह का आगाज नौनिहालों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से किया। समारोह में प्रथम दिन स्कूल के लगभग 600 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में आईपीएस डॉ. अतुल फुलझले (डीआईजी नार्थन रेंज) ने बतौर मुख्यातिथि और एसडीएम अंकुश शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस मौके पर परिवहन निगम के आरएम पंकज चड्डा और रमेश मस्ताना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने कक्षा नर्सरी से चौथी तक के मेधावी बच्चों को मेडल भेंट कर सम्मानित किया। ग्रुप ऑफ स्कूल्स के निदेशक जेआर कश्यप, प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप और मीनाक्षी कक्ष्यप ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों को सम्मानित किया। समारोह का आगाज शिव स्तुति ‘ॐ नम: शिवाय’ नृत्य से हुआ। इसके बाद नन्हें विद्यार्थियों ने ‘दिल है छोटा सा’, ये देश है वीर जवानों का, मेरा रंग दे वसंती चोला, मां तुझे सलाम जैसी देशभक्ति पूर्ण प्रस्तुतियों से माहौल को देशभक्ति मय बना दिया। समारोह में पेट्रियॉटिक फेरवर, ‘वन लाइफ एंडलेस डिजायर’, ‘बार्बी वर्ल्ड‘ गाने की धुन पर बच्चों ने नृत्य किया। डॉ. जेेेआर कश्यप ने बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए चहुंमुखी विकास को प्रेरित किया। वहीं, प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप ने विद्यालय की उपलब्धियां और गतिविधियां गिनाईं। मुख्य अतिथि ने प्रदेश में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे नशा निवारण मुहिम में अभिभावकों का सहयोग मांगा। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रहने और उसके दुष्परिणामों के बारे में बताया। स्कूल की अकादमिक हेड मधु चौधरी ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों की समारेेह में पहुंचने का सराहना की।