अमर उजाला ब्यूरो
लंज(कांगड़ा)। विकास खंड नगरोटा सूरियां की पंचायत भटेहड़ में आठ सोलर लाइटें लगाई गई हैं। इन लाइटों को लगने के बाद लोग खुश होने के बजाय भड़क गए हैं। पंचायत के लोगों का आरोप है कि इन लाइटों को जिन जगहों पर पंचायत में प्रस्ताव पारित कर सांसद विप्लव ठाकुर से मंजूर करवाया था, पर इन लाइटों के लिए चिह्नित जगहों पर लगाने के बजाय बिना पंचायत की अनुमति के गांव के एक प्रभावशाली आदमी ने अपने दोनों घरों में ये लाइटें लगवा दी और बची हुई लाइटों को अपने चहेतों केे घरों में लगा दिया। लोगों का मानना है कि जिस स्थान के लिए प्रस्ताव पारित हुआ था। वहां पर कोई सोलर लाइट नहीं लगाई गई है। जिसने भी इन लाइटों को अपनी मनमर्जी से लगवाया है, उसे दंडित किया जाए।
पंचायत प्रधान भटहेड़ पूनम देवी ने कहा कि आठ सोलर लाइटें आई हैं, लेकिन कहां लगाई गई इसके बारे में न तो पंचायत के नुमाइंदों को कोई जानकारी नहीं है।
बीडीओ नगरोटा सूरियां केसर सिंह राणा ने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।