अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। आपदा प्रबंधन कार्यक्रम पर धर्मशाला में आयोजित चार दिवसीय कार्यशाला का शनिवार को समापन हो गया। प्रदेश समन्वयक आपदा प्रबंधन कार्यक्रम राज्य रेडक्रॉस शिमला अरविंद चौहान ने कहा कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी कांगड़ा के सहयोग से चार दिवसीय सर्व शिक्षक की कार्यशाला करवाई गई। उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ग्राम स्तर पर स्वयंसेवकों को तैयार करना हैै, ताकि आपदा के समय होने वाले नुकसान के प्रभाव को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में चार विकास खंडों लंबागांव, धर्मशाला, भवारना और बैजनाथ को चुना गया है। जिसमें 30 सर्व शिक्षक तैयार किए गए हैं, जो अपनी पंचायत में जाकर लोगों को प्रशिक्षित करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन, जोखिम, खतरों के प्रति कमजोर कड़ी, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल की आवश्यकता के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान सैंट जॉन एसोसिएशन दिल्ली के उपनिदेशक अजय धीमान, जिला पर्यवेक्षक वीरेंद्र विष्ट, जिला मंडी से सर्व समन्वयक अमरजीत सिंह, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से अनुप्रिया सिंह, अग्निशमन विभाग से फायर आफिसर स्वरूप कुमार चौधरी ने आपदा के समय कैसे करें बचाव, मॉकड्रिल, खोज एवं बचाव, घायलों को किस प्रकार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सकता है के बारे में विस्तृत जानकारी दी।