पेयजल सप्लाई से जोड़े टुल्लू पंप जब्त
आईपीएच विभाग ने मूंही पंचायत में की कार्रवाई
कहा, आगे से ऐसा किया तो काट दिया जाएगा कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर (कांगड़ा)। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशासी अभियंता रोहित दुबे के निर्देशानुसार आईपीएच विभाग ने मूंही पंचायत में पेयजल सप्लाई से जोड़े टुल्लू पंपों को जब्त किया है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता संजीव राणा एवं कनिष्ठ अभियंता सुभाष शर्मा के नेतृत्व में आईपीएच विभाग की एक टीम ने मूंही पंचायत का दौरा किया। इस दौरान टपरैल बस्ती से टुल्लू पंपों को जब्त किया। एसडीओ संजीव राणा ने बताया कि काफी समय से इस क्षेत्र से डायरेक्ट पानी की सप्लाई के साथ टुल्लू पंप को लगाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते दौरा कर क्षेत्र में जैसी राम, कृपाल सिंह, गुरुवचन, छोटू राम एवं राजेंद्र सिंह के यहां पानी की सप्लाई के साथ टुल्लू पंप लगाए हुए पाए गए, जिन्हें विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर आगे से कोई भी टुल्लू पंप लगाता हुआ पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसके पीने के पानी की सप्लाई का कनेक्शन काट दिया जाएगा।