मोटरसाइकिल स्किड होने से एक की मौत एक घायल
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना देहरा के रैंटा गांव में मोटरसाइकिल स्किड होने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रविवार रात को संजीव कुमार (28) पुत्र श्रवण और विशाल निवासी करयाड़ा मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। धवाला के नजदीक रैंटा गांव में बाइक स्किड हो जाने के कारण दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। किसी ने दुर्घटना की सूचना देहरा थाने में दी। घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से देहरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर संजीव कुमार को चिकित्सकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे युवक की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देने के बाद आगे के इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। डीएसपी देहरा लालमन शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।