जमानाबाद सड़क विस्तार के लिए सवा दो करोड़ मंजूर : काजल
कांगड़ा। विधायक पवन काजल ने कहा कि इच्छी से नटेहड़ वाया जमानाबाद, अब्दुलापुर, पैहग, सहौड़ा सड़क के विस्तारीकरण पर सवा दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने इस सड़क मार्ग को विधायक प्राथमिकता योजना के आधार पर अपग्रेडेशन के लिए बजट को मंजूरी दे दी है। एक महीने के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी होकर कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसके अलावा लिंक रोड कोट क्वाला से जमानाबाद, काठू मोहल्ला हरिजन बस्ती तक नई सड़क के निर्माण को एक करोड़ 30 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। काजल वीरवार को जनसंपर्क अभियान के तहत अब्दुलापुर में युवा क्लब की ओर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। काजल ने ग्राम पंचायत अब्दुलापुर और पंचायत बल्ला सहौड़ा में पंजीकृत सभी 21 महिला मंडलों को दस-दस हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने युवक मंडल को भी सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार रुपये स्वीकृत किए। पंचायत के उपप्रधान श्याम वर्मा ने विधायक से गांव में नया सामुदायिक भवन बनाने व सिंचाई कूहलों की मरम्मत के लिए वजट की मांग रखी। जिला पार्षद अनुराधा चौधरी, वार्ड पंच अशोक, बीना देवी, गिरधारी लाल, कैप्टन मदन लाल, प्रकाश चंद, सुनील, राकेश, कमल, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश वालिया, सहौड़ा पंचायत प्रधान विजू चौधरी भी उपस्थित रहे।