स्कूलों को बनाया राजनीति का अखाड़ा : मनकोटिया
कहा-पूर्व में स्वीकृत योजनाओं को किया जा रहा प्रचार
अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर (कांगड़ा)। उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने सरकारी स्कूलों और निजी स्कूलों को राजनीति का अड्डा बना दिया है। स्कूलों में पार्टी के कार्यकर्ता मुफ्त में बच्चों को किताबें बांट रहे हैं। यह आरोप हिप्र कर्मचारी कल्याण एवं अन्य कामगार कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया ने पत्रकार वार्ता में लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक उन योजनाओं का प्रचार जगह-जगह जाकर कर रहे हैं, जो पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा पहले से स्वीकृत की गई हैं। इसके विपरीत चुनाव के समय विधायक ने जो पॉलीटेक्निक कॉलेज और सेंटर स्कूल जसवां परागपुर में खोलने का वायदा किया था, वह धरातल पर कहीं भी नजर नहीं आ रहा है। जबकि, केंद्र में भाजपा की सरकार को एक साल का समय ही शेष रह गया है। मनकोटिया ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार होने और प्रदेश के मंत्री होने के नाते विक्रम ठाकुर कभी भी सेंटर स्कूल खुलवा सकते हैं। मनकोटिया ने कहा कि उद्योग मंत्री चुनाव जीतने से पहले जसवां परागपुर विस क्षेत्र की सड़कों की खराब हालत, बिजली, पानी की कमी और स्कूलों में अध्यापकों की कमी पर रोना रोते थे लेकिन स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है। इसके विपरीत ट्रांसफर माफिया जसवां परागपुर में पूरी तरह से हावी हो चुका है और कर्मचारियों और अध्यापकों को दूर दराज के क्षेत्रों में भेजा जा रहा है।