अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला के सचिवालय वार्ड नंबर-सात में रूटीन के सफाई के लिए पार्षद ने अतिरिक्त सफाई कर्मचारी मांगे हैं, ताकि वार्ड की नालियों और छोटे रास्तों की सफाई की जा सके। इसके अलावा पार्किंग और बंद शौचालय का मुद्दा भी हाउस में रखा जाएगा। न पार्किंग, न ही रूटीन में सफाई शीर्षक से अमर उजाला में खबर छपने के बाद सचिवालय वार्ड के पार्षद ने नगर निगम से अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की मांग उठाई है। साथ की वार्ड में पार्किंग स्थल के चयन को लेकर प्रस्ताव रखा जाएगा, जिससे वार्ड के स्थानीय निवासियों और किराये के कमरों में रहने वालों को वाहन खड़ा के लिए स्थान मिल पाए। उधर, नगर निगम धर्मशाला वार्ड नंबर-सात के पार्षद रोहित कुमार ने कहा कि रूटीन की सफाई के लिए और कर्मचारियों की मांग रखी गई है। एक-दो दिन में और सफाई कर्मचारी वार्ड की सफाई में लगाए जाएंगे। जहां तक डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का मामला है तो अभी तक वार्ड में इस योजना पर काम शुरू नहीं हो पाया है।