देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बालिका आश्रम गरली में आश्रम की बालिकाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुरिंदर वैद्य बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव नेहा दहिया ने बालिकाओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का संचालन किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता बालिकाओं के दो ग्रुपों में छठी से आठवीं और नौवीं से 12वीं की छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों को पारितोषिक भी वितरित किए। प्रतियोगिता के उपरांत प्राधिकरण की ओर से आश्रम की बच्चियों को फल और चॉकलेट भी दिए गए। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष हर्षवर्धन वैद्य, बालिका आश्रम सहायक अधीक्षक निर्मला कुमारी, सहायक अधीक्षक सुमन शर्मा के साथ धर्मशाला और देहरा न्यायालय परिसर के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।