ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी मंदिर मेें आश्विन नवरात्र में श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मुहैया करवाने के लिए मंदिर न्यास ने छठे नवरात्र से अष्टमी तक मंदिर को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया है। इसके चलते श्रद्धालु मां ज्वाला की पवित्र ज्योतियों के दर्शन दिन-रात कर सकेंगे। मंदिर में नवरात्र के इन विशेष दिनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है। उधर, रविवार को मंदिर में रिकार्ड 18 लाख 37473 रुपये नकद, सोना 3 ग्राम 500 मिली ग्राम, चांदी 2.223 ग्राम श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में अर्पित की। मंदिर में सहायक मंदिर अधिकारी अमित गुलेरी ने प्रबंधों का जिम्मा संभाल रखा है। कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। सिक्योरिटी इंचार्ज रविदत्त भारद्वाज को अतिरिक्त कर्मियों की ड्यू्टी लगाने का जिम्मा सौंपा गया है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से पूरी चेकिंग के बाद ही मां के दर्शन के लिए भेजा जा रहा है। मंदिर अधिकारी डॉ. अशोक पठानिया ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए मंदिर न्यास ने व्यापक प्रबंध किए हैं।