एटीएम कार्ड बदलकर निकाले 40 हजार रुपये
कांगड़ा शहर में घटना, जांच में जुटी पुलिस
कांगड़ा। शहर के बीचोंबीच स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला चौक पर एसबीआई के एटीएम से कार्ड बदलकर शातिरों ने खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। इस संदर्भ में पीड़ित ने पुलिस थाना कांगड़ा में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस में दी गई शिकायत के अनुसार रंजीत कुमार निवासी रानीताल ने बताया है कि सोमवार को वह कांगड़ा आया हुआ था। इस दौरान एसबीआई के एटीएम से पैसे निकलवा कर गुजर रहा था तो इस दौरान वहां खड़े दो युवकों ने उससे एटीएम कार्ड को चलाने संबंधी जानकारी मांगी। साथ ही उसका कार्ड भी उन्होंने ले लिया, जबकि बाद में उन्होंने कोई अन्य कार्ड बदल कर उसे थमा दिया। इसके कुछ ही देरी के बाद उसके मोबाइल पर पैसे निकाले जाने के मैसेज आने लगे। कुल मिलाकर उसके खाते से 40 हजार रुपये शातिरों ने उड़ा लिए। वहीं, इस संदर्भ में प्रोबिजनल डीएसपी अनिल मेहता ने बताया कि इस संदर्भ में शिकायत उनके पास पहुंची है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।