गहरी खाई में गिरा चिकित्सक, घायल
कांगड़ा। समेला के नजदीक पैर फिसलने से एक चिकित्सक करीब तीन सौ फीट गहरी खाई में गिर गया। चिकित्सक डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज का है। बताया जा रहा है कि चिकित्सक कार से उतरा और उसका संतुलन बिगड़ गया। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल अधिकारी मणी राम ने बताया कि मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति खाई में गिर गया है। उन्होंने कहा कि छानबीन के बाद पाया कि टांडा मेडिकल कॉलेज का 32 वर्षीय चिकित्सक विशाल कौंडल खाई में गिरा था। घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारी खाई में उतरे और स्ट्रेचर पर डॉक्टर को सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उपचार के लिए चिकित्सक को टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसका का उपचार जारी है।