कांगड़ा, ज्वालामुखी। नववर्ष पर शक्तिपीठ बज्रेश्वरी मंदिर में श्रद्धालुओं का दिन भर हुजूम उमड़ा रहा। देर शाम तक करीब बीस हजार श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन किए। सोमवार तड़के ही माता के मंदिर में कतारें लगना शु रूहो गई। देखते ही देखते पूरे मंदिर परिसर में भीड़ बढ़ती गई। स्थानीय लोगों के साथ बाहरी राज्यों से आए लोगों ने नए साल में माता के दर्शनों के लिए पहुंचे। नया साल मनाने कांगड़ा आए सैकड़ों सैलानी भी मंदिर में माथा टेकने आए। मंदिर परिसर में सोमवार को भीड़ भरा माहौल रहा। लोग कतारों में खड़े रहकर घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे। वहीं मंदिर के कंट्रोल रुम से भी पल पल की गतिविधि की नजर रखी जा रही थी। मंदिर अधिकारी सुरेंद्र धीमान ने बताया कि नए साल में मंदिर में श्रद्धालुओं का खूब तांता लगा रहा है। मंदिर प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के पुख्ता प्रबंध किए थे। उधर, शक्तिपीठ ज्वालाजी मंदिर में नए साल में पंद्रह हजार भक्तों ने माता के दर शीश नवाया। लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु ज्वाला जी माता के जय घोष के साथ नए साल के इस माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिकता के रंग में रंगते नजर आए। सुरक्षा कर्मी पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे। देर शाम तक मंदिर में यात्रियों की आवाजाही बनी रही। वहीं, ऐतिहासिक बगलामुखी मंदिर में देर शाम तक आठ हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। यात्री लंबी कतारों में खड़े रहे। कई यात्रियों ने हवन यज्ञ करवाए।