धर्मशाला। इस बार किसानों को साढे़ 17 रुपये प्रति किलो गेहूं का बीज मिलेगा। कृषि विभाग गेहूं के बीज पर 12 रुपये अनुदान दे रहा है। इस बार कांगड़ा जिले के लिए 21 टन गेहूं के बीज की खेप मंगवाई गई है। विभाग ने जिले के सभी विक्रय केंद्रों को डिमांड के अनुसार गेहूं का बीज भेज दिया है। अनुदान के साथ बीज सिर्फ विभाग के 92 विक्रय केंद्रों पर मिलेगा, जबकि सरकार से मान्यता प्राप्त 105 विक्रय केंद्रों पर साढे़ 29 रुपये प्रतिकिलो गेहूं का बीज किसान खरीद पाएंगे। उल्लेखनीय है कि कांगड़ा जिले में 94500 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की पैदावार होती है। इसके लिए विभाग ने 21 टन गेहूं का बीज मंगवाया है। उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक सुरेश कुमार कपूर ने कहा कि अनुदान के साथ किसानों को बीज सिर्फ विभाग के 92 विक्रय केंद्रों पर मिलेगा। सभी विक्रय केंद्रों को डिमांड के अनुसार बीज भेज दिया गया है।