बज्रेश्वरी देवी में चढ़ाया साढ़े 25 क्विंटल मक्खन
कांगड़ा। शक्तिपीठ बज्रेश्वरी देवी की पिंडी पर इस बार करीब साढ़े 25 क्विंटल मक्खन से घृत मंडल तैयार किया गया है। पिछली बार की तुलना में इस हार दानी लोगों ने और ज्यादा घी मंदिर में मक्खन बनाने को दिया। सोमवार देर शाम पुजारियों की ओर से मक्खन चढ़ाने की प्रक्रिया मंगलवार सुबह तक जारी रही। सुबह पांच बजे भक्तों के लिए माता के दर्शन को मंदिर के कपाट खोल दिए। मां के इस स्वरूप को देखने के लिए तड़के ही लोगों की कतारें लग गईं। देर शाम तक लगभग छह हजार स्थानीय लोगों सहित बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने देवी दर्शन किए। बीस जनवरी को माता की पिंडी से मक्खन उतारने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जिसे श्रद्धालुओं में बांटा जाएगा। ऐसी मान्यता है कि इस प्रसाद को खाया नहीं जाता अपितु शरीर पर लगाने से कई प्रकार के चरम रोग दूर होते हैं।