जोन एक से सन्नी सरदार ने जीता चुनाव
बैजनाथ कृषि सेवा सहकारी समिति चुनाव में रिकॉर्ड मतदान
अमर उजाला ब्यूरो
बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ कृषि सेवा सहकारी समिति के पांच जोन के लिए हुए चुनाव में पहली बार रिकॉर्ड 75 प्रतिशत मतदान हुआ है। कुल 963 मतदाताओं में से 718 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया, जबकि तीन मत रद्द हो गए। सुबह 10 बजे पंचायत घर में शुरू हुए मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहा। चुनाव अधिकारी निरीक्षक महिंद्र ठाकुर ने बताया कि जोन एक से सन्नी सरदार ने रतन चौधरी को मात्र पांच मतों से हराया, सन्नी को 66 और रतन को 61 मत मिले। जोन दो में नरेश दिवान को राकेश नेगी 24 मतों से मात दी। नेगी को 89 और नरेश दिवान को 65 मत मिले। जोन तीन में पार्षद अमित कपूर ने भाजपा के पदाधिकारी रोहित कौशल को 58 मतों से हराया। अमित को 110 और रोहित को 52 मत प्राप्त हुए। जोन तीन में कड़े मुकाबले की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन, मुकाबला एकतरफा रहा। जोन चार में समिति के वर्तमान अध्यक्ष नागेश अवस्थी ने विकास कुमार को सात मतों से शिकस्त दी। जोन पांच में जीत का अंतर अधिक रहा और रमेश कुमार ने रीता को 60 मतों से हराया। रमेश कुमार को 91 और रीता को 31 मत मिले। जोन एक में दो मत और जोन तीन में एक मत रद्द हुआ। पार्षद अमित कपूर, नागेश अवस्थी और राकेश नेगी अपनी साख बचाने में कामयाब रहे, जबकि समिति के सदस्य रतन चौधरी मात्र पांच मतों से हारे। चुनाव अधिकारी एवं निरीक्षक सहकारी सभाएं महिंद्र ठाकुर ने बताया कि चयनित सदस्य एक सप्ताह में अपनी कार्यकारिणी का गठन करेंगे।