सेमेस्टर सिस्टम बंद करने की मांग
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ज्वालामुखी इकाई द्वारा महाविद्यालय में रूसा के तहत सेमेस्टर सिस्टम को बंद करने, फीस वृद्धि पर रोक लगाने, छात्र संघ चुनाव बहाली और शिक्षा के व्यापारीकरण के विरोध में कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें कॉलेज के सभी छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय की समस्याओं पर विचार करते हुए एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की मुख्य मांगों में महाविद्यालय के बाहर गति अवरोधक लगाना, महाविद्यालय के चारों ओर चारदीवारी का निर्माण करना, विज्ञान भवन का तुरंत प्रभाव से खोलना और महाविद्यालय के बाहर छात्रों की सुविधा के लिए वर्षाशालिका का निर्माण करना शामिल रहीं। ज्ञापन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नगर अध्यक्ष पंकज सोनी और नगर मंत्री सुधीर पांडे की अध्यक्षता में सौंपा गया। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता अंकुश प्रियंका, अंकिता, अपूर्व, रुचि, पंकज आदि मौजूद रहे।