परागपुर (कांगड़ा)। परागपुर ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुहना के आरटीआई कार्यकर्ता कुलवंत सिंह ने रक्कड़ थाना के पुलिस कर्मी पर गलत चालान काटने का आरोप लगाया है। कुलवंत सिंह ने बताया कि रक्कड़ पुलिस के कर्मी ने 10 दिसंबर 2016 को कुहना निवासी मनोज कुमार पुत्र अमर चंद का सौ रुपये का चालान का काटा था। इस पर उन्होंने आरटीआई के तहत जन सूचना अधिकारी एवं उपमंडल पुलिस अधिकारी से किए गए चालान की छायाप्रति प्राप्त की। पूछा गया कि चालान की प्रति पर दर्शाए गए लाइसेंस नंबर एचपी 36 20120145375 किसके नाम से जारी हुआ है। इसकी जानकारी जनसूचना अधिकारी की ओर से दी गई। रजिस्टरिंग एंड लाइसेंस अथॉरिटी देहरा की ओर से लाइसेंस नंबर एचपी 36 20120145375 की भेजी गई प्रति में पाया गया कि ज्वालामुखी के बोहन गांव के निवासी विशाल कुमार पुत्र अशोक कुमार के नाम पर यह लाइसेंस जारी हुआ था। कुलवंत सिंह ने एसपी कांगड़ा से मामले की जांच की मांग की है। ज्वालामुखी के डीएसपी योगेश दत्त ने कहा कि अभी गलत चालान काटने का मामला मेरे ध्यान में नहीं आया है। जिस किसी ने भी यह गलती पकड़ी है, वो इसकी शिकायत मेरे पास कर सकता है। शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।