अमर उजाला ब्यूरो
नूरपुर (कांगड़ा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सुल्याली में बुधवार को सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ हुआ। शिविर में 53 स्वयंसेवी हिस्सा ले रहे हैं। शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ प्रवक्ता कुलदीप कुमार ने किया। उन्होंने स्वयंसेवियों को एनएसएस के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों में भाग लेने से छात्रों में समाज सेवा और देश भक्ति की भावना जागृत होती है। उन्होंने कहा कि समाज में कुरीतियों को समाप्त करने में एनएसएस स्वयंसेवी अहम भूमिका निभा सकते हैं। एनएसएस स्वयंसेवियों ने सुल्याली गांव को गोद लेकर सुल्याली गांव को साफ-सुथरा बनाने का निर्णय लिया। स्वयंसेवियों ने सुबह प्रभात फेरी निकाली और गांव की परिक्रमा की। इस मौके पर प्रवक्ता सुशील कौशल सहित स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद रहे।