कंडवाल (कांगड़ा)। भाजपा के संगठनात्मक जिला नूरपुर के महामंत्री रणवीर सिंह निक्का को नूरपुर से पार्टी का प्रत्याशी न बनाए जाने को लेकर कंडवाल में उनके समर्थकों ने बैठक की। बैठक में नूरपुर भाजपा मंडल के पदाधिकारियों सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने निक्का के पक्ष में जमकर नारेबाजी की। बैठक में मौजूद भाजपा जिला पंचायती राज प्रकोष्ठ के संयोजक जतिंद्र सिंह गुगली, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष संगीता देवी, भाजपा नेत्री सुनीता देवी, मंडल सचिव पिंकी शर्मा, संयोगिता देवी, सीमा देवी, पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ प्रीतम पठानिया, एससी मोर्चा जिला अध्यक्ष केवल सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष इंद्र सेन, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रमेश शर्मा, मंडल महामंत्री दलजीत पठानिया, सचिव राजेश काका, राहुल जंवाल, प्रेम ठाकुर मंजीत कुमार ने संयुक्त बयान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें धैर्य रखने को कहा। उन्होंने कहा कि अभी तक पार्टी मुख्यालय से टिकटों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। उन्होंने कहा कि रणवीर सिंह निक्का ने साथ भाजपा संगठन खड़ा है और पार्टी हाईकमान सभी कार्यकर्ताओं तथा संगठन की भावनाओं की कद्र करते हुए सही निर्णय करेगी। कार्यकर्ताओं के आह्वान पर जिला महामंत्री रणवीर सिंह निक्का ने फोन पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनके प्यार के हमेशा ऋणी रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भाजपा पार्टी ने अभी तक कोई भी अधिकृत घोषणा टिकटों को लेकर नहीं की है और उन्हें पूरी उम्मीद है कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं की पांच साल की मेहनत को देखते हुए उचित निर्णय लेगी।