कार और बाइक की टक्कर में युवक घायल
जसूर (कांगड़ा)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित राजा का बाग में देर शाम एक बाइक और कार की टक्कर से अजय कुमार निवासी पठानकोट गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पठानकोट के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। युवक जसूर से बाइक पर पठानकोट जा रहा था कि राजा के बाग के समीप विपरीत दिशा से आ रही कार से टक्कर हो गई। टक्कर से बाइक चालक युवक सड़क से दूर जा गिरा। इससे उसकी दोनों टांगों में चोट आई है। उधर, पुलिस थाना नूरपुर के प्रभारी ओंकार सिंह चौहान ने बताया कि कार चालक ने युवक के इलाज का खर्चा वहन करने का जिम्मा उठाकर दोनों पक्षों में समझौता हो गया। ऐसे में पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है।