पंजाब के वेतनमान का इंतजार न करे सरकार : ठाकुर
कर्मचारी महासंघ कांगड़ा इकाई की बैठक में उठाए मुद्दे
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ कांगड़ा इकाई की बैठक कमेटी के जिला प्रधान मदन राणा की अध्यक्षता में बिजली बोर्ड विश्राम गृह में हुई। बैठक में महासंघ के प्रांतीय महामंत्री एनआर ठाकुर विशेष तौर पर उपस्थित हुए। इसमें प्रदेश के कर्मचारियों की समस्याओं और मांगों को लेकर चर्चा की गई। प्रांतीय महामंत्री एनआर ठाकुर ने कहा कि पंजाब के कर्मचारियों को 2020 तक वेतनमान देने की स्थिति में पंजाब सरकार नहीं है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद्र सिंह का कहना है कि पंजाब सरकार दो लाख करोड़ के कर्ज तले डूबी है। इसलिए कर्मचारियों के वेतनमान की रिपोर्ट लागू करना फिलहाल असंभव है। ऐसे में हिमाचल सरकार से मांग की है कि पंजाब के वेतनमानों का इंतजार किए बगैर राज्य सरकार केंद्र के वेतनमान लागू करे। जब पंजाब की रिपोर्ट जाएगी तो उस पर पुनर्विचार हो सकता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ चली राष्ट्रीय मुहिम पर भी कर्मचारी महासंघ मोदी सरकार को पूरा सहयोग देने को तैयार है। कुछ अधिकारी महासंघ की रडार पर हैं। जल्द ऐसे भ्रष्टाचारी अधिकारियों के काले चिट्ठे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष रखे जाएंगे। एनआर ठाकुर ने कहा कि महासंघ की नई कार्यकारिणी का गठन जल्द कर लिया जाएगा। पूरे प्रदेश में अब तक सब विभागीय संगठनों और जिला इकाइयों के चुनाव करवाए जा चुके हैं। प्रदेश इकाई का गठन करके पिछले लंबे समय से कर्मचारी मुद्दों की हो रही अनदेखी को गंभीरता से लेकर महासंघ अपनी गतिविधियों को गति देगा। इससे पूर्व पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारी वर्ग केंद्र सरकार के साथ खड़ा है और पाकिस्तान पर कड़ी कार्रवाई की मांग करता है। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र भंगालिया, जिला महामंत्री अजमेर ठाकुर, उपप्रधान अश्वनी कुमार, संगठन सचिव राजेश सहोत्रा, संयुक्त सचिव पुरुषोत्तम शर्मा और प्रेस सचिव देशराज पठानिया आदि मौजूद रहे।