डिजिटल राशन कार्ड बना गले की फांस
नाम दर्ज या कटवाने के लिए हो रही दिक्कत
प्रधान ने उद्योग मंत्री को सौंपा शिकायत पत्र
अमर उजाला ब्यूरो
रक्कड़ (कांगड़ा)। डिजिटल राशन कार्ड हिमाचल भर की आम जनता के लिए अब आफत बनने लगे हैं। ग्राम पंचायत रक्कड़ के प्रधान रत्न सिंह राठौर ने इसके बारे में प्रदेश उद्योग एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर को शिकायत पत्र सौंपते हुए कहा है कि कार्ड में किसी नए व्यक्ति का नाम दर्ज करवाने या फिर नाम कटवाने के लिए उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ रहा है। प्रधान रत्न सिंह का कहना है कि जब भी स्थानीय क्षेत्र में किसी के घर कोई बच्चा पैदा होने या नई शादी के दौरान किसी दुल्हन का नाम कार्ड में दर्ज करवाना हो तो कई लोगों को दर-दर की ठोकरें खानी पड़ रही हैं। वहीं इनका कहना है कि प्रदेश खाद्य आपूर्ति विभाग ने तो नई तकनीक से डिजिटल राशन कार्ड बनाकर नई शुरुआत तो कर दी है, लेकिन पंचायत स्तर पर लोगों के नाम दर्ज करने की शक्तियां न मिलने पर ग्रामवासियों की परेशानी वाजिब है। उन्होंने शिकायत पत्र के माध्यम से खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर से मांग की है कि पंचायत सचिव को डिजिटल कार्ड में नाम दर्ज करने की अनुमति प्रदान करनी चाहिए। ऐसी स्थिति में हर ग्रामीण को पहले की तरह राशन कार्ड में नाम दर्ज करवाने के लिए परेशान न होना पड़े।