सड़क किनारे रेलिंग लगाने की उठी मांग
कांगड़ा। नुरपुर स्कूल बस हादसे को लेकर कांगड़ा में भी शोकाकुल माहौल रहा। दिन भर चर्चाएं जारी रहीं कि बस हादसा कांगड़ा में हुआ है। हर कोई सोशल मीडिया से जानकारियां जुटाने में लगा रहा। बाद में लोगों के पास पुख्ता जानकारियां आने लगीं कि बस हादसा नूरपुर के पास हुआ है। उधर, बस दुर्घटना के बाद लोग अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे। कांगड़ा और इसके साथ सटे इलाकों के सैकड़ों बच्चे रोजाना सिद्धपुर और उसके आसपास के स्कूलों में छोटे-बड़े वाहनों से स्कूल जाते हैं। कांगड़ा से इन स्कूलों की दूरी बहुत लंबी है। कई बार लेट होने की सूरत में वाहन तेज भी चलते हैं। स्थानीय निवासी रवि, आशीष ठाकुर, वीरेंद्र चौधरी और अजय ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मसरेड रोड से सिद्धपुर तक सड़क किनारे सुरक्षा रेलिंग लगाई जाए, जिससे भविष्य में कोई हादसा न हो।